सधे-सधे कदमों से चलकर
चुपके-चुपके द्वार खोलकर
मन ही मन में यूँ मुस्काकर
अंग-अंग में सिहरन भरती
आ गई नशीली सुहानी सरदी।
नयनों में अनुरागी लाली
हँसी अधर पर छाई निराली
रमणीय रजनी घूँघट वाली
मदभरी हवाएं झूमकर बहती
आ गई नशीली सुहानी सरदी।
धुँध की परतें क्षितिज पर छाई
ऊषा की पलकें भी अलसाई
गृह-स्वामिनी लेती अंगराई
अनुराग भाव से भरकर कहती
आ गई नशीली सुहानी सरदी।
भारती दास ✍️
No comments:
Post a Comment