Tuesday 24 September 2024

मेरे बाबूजी अच्छे थे


मेरे बाबूजी अच्छे थे

मन के वे सीधे सच्चे थे

उनको देखा मैंने हर क्षण

उनकी सीख है जीवन दर्शन।

सेवा ही उनकी शिक्षा थी 

निष्ठा ही उनकी दीक्षा थी 

निज सर्वस्व किये थे अर्पण 

उन चरणों का करते वंदन।

हमसे इतने दूर गये हैं 

सबसे मुख वे मोड़ गये हैं 

तोड़ के सारे नाते बंधन 

बहता ऑंखों से अश्रुकण।

उर विचलित जब भी होता है 

गम पीड़ा से घबराता है 

देखते उनको मन के दर्पण

यादों में बसते हैं हरदम। 

भारती दास ✍️ 


 ग्यारहवीं बरसी पर विनम्र श्रद्धांजलि 🙏 🙏

Sunday 22 September 2024

देव ने सुंदर उपकार किया

 देव ने सुंदर उपकार किया

आंचल में बेटी उपहार दिया 

एक मनमोहक उदगार दिया

स्नेह का रूप आकार दिया 

जीवन में सुख संचार किया।

सौन्दर्य सरोवर चिर मंगल हो 

हृदय प्रणय से पूर्ण सकल हो

पथ उत्साह से भरे सफल हो 

मृदु अधर पर खिले कमल हो

तुमने स्वप्न साकार किया।

सब बाधाओं का कटार बनो

तुम चंडी सा अवतार बनो

है शक्ति तुममें स्वीकार करो

तुम जन-जन का आधार बनो

मैंने दुआ यही हर बार किया।

भारती दास ✍️